ओबीसी वालों को विदेश पढ़ने भेजेगी सरकार

इंदौर। मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

 योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक पात्र विद्यार्थी विभागीय पोर्टल (https://mpom.mp.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थियों को योजना की पात्रता, शैक्षणिक योग्यता, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य निर्धारित शर्तों का विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध विज्ञप्ति के माध्यम से भली-भांति अवलोकन करने की सलाह दी गई है।

 विभाग द्वारा प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों को विज्ञप्ति जारी होने की तिथि से एक माह तक स्वीकार किया जाएगा। इसके पश्चात प्राप्त आवेदनों को क्रमानुसार सूचीबद्ध कर विभागीय स्तर पर परीक्षण किया जाएगा। प्रथम चरण में अभ्यर्थियों की पात्रता एवं प्रस्तुत दस्तावेजों का परीक्षण कर निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुसार चयन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। साथ ही चयन प्रक्रिया के अंतर्गत प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी।

 वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना के तहत कुल 50 सीटें निर्धारित की गई हैं। इन सीटों पर चयन के अतिरिक्त 10 अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी।

 ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी प्रकार की असुविधा, कठिनाई अथवा तकनीकी समस्या होने पर विद्यार्थी विभागीय हेल्पलाइन नंबर 0755-2553329 एवं 0755-2675521 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ई-मेल आईडी nodalofficerobc@mp.gov.in पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

 इंदौर जिले के इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, कक्ष क्रमांक 303, द्वितीय तल, सेटेलाइट भवन, कलेक्टोरेट इंदौर में संपर्क कर सकते हैं। विभागीय ई-मेल आईडी adbmwind@mp.gov.in पर भी संपर्क किया जा सकता है।

 सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग श्री अनिल कुमार सोनी ने जिले के समस्त पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाएं तथा विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध विज्ञप्ति एवं दिशा-निर्देशों का अवलोकन कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन करें।

Post a Comment

0 Comments