इंदौर। दीपावली पर्व के दृष्टिगत आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा जिले में विशेष निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश मनोज पुष्प के निर्देशन तथा कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 5 एवं 6 नवंबर को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं मावा विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। पीपली बाजार स्थित मावा बाजार में मावा विक्रय करने वाले 10 प्रतिष्ठानों पर रैपिड टेस्ट किट के माध्यम से मावे का मौके पर प्राथमिक परीक्षण किया गया। इसके अलावा एयरपोर्ट क्षेत्र के मिठाई विक्रय प्रतिष्ठानों तथा महेश नगर स्थित माहेश्वरी धर्मशाला में संचालित सुदानी कैटर्स के यहां भी मिठाइयों की प्राथमिक जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा शिप्रा स्थित माय श्री नाश्ता पॉइंट एवं आइसक्रीम का भी निरीक्षण किया गया। यहां प्रतिष्ठान संचालक मुकेश कुमार जाट को साफ-सफाई बनाए रखने तथा गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रतिष्ठान से मीठा मावा, मावा, गुपचुप, केसर पेड़ा, मिल्क केक एवं सफेद पेड़ा सहित कुल 6 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
इसी तरह 5 नवंबर को रिंग रोड स्थित श्री बालाजी ट्रेडिंग का निरीक्षण किया गया। यहां विक्रय के लिए संग्रहित कंचन श्री ब्रांड के मिल्क केक एवं मीठा मावा के नमूने जांच हेतु लिए गए। दोनों खाद्य पदार्थों का शेष उपलब्ध स्टॉक लगभग 600 किलोग्राम पाया गया। उपभोक्ताओं के हित एवं खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक उक्त खाद्य सामग्री के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठानों एवं खाद्य निर्माण परिसरों में साफ-सफाई रखने, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से कीट नियंत्रण कराने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य पदार्थों को खुले में रखकर विक्रय नहीं करने और उन्हें उचित तरीके से ढककर सुरक्षित परिस्थितियों में रखने की हिदायत भी दी गई है। मिठाइयों में केवल अनुमेय खाद्य रंगों का न्यूनतम आवश्यक मात्रा में उपयोग तथा खाद्य योग्य अच्छी गुणवत्ता के चांदी के वर्क का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संग्रहित सभी खाद्य नमूनों को विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा दीपावली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण, प्राथमिक परीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।

0 Comments