इंदौर में ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशाल उर्फ संजय दत्त बुंदेला को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 4 नवंबर को क्राइम ब्रांच की टीम ने राजकुमार सब्जी मंडी स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर मनोज उर्फ मन्नू वर्मा (25) को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 15 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये बताई गई थी।
मनोज से पूछताछ के दौरान विशाल उर्फ संजय दत्त बुंदेला का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, आरोपी निरंजनपुर नई बस्ती का रहने वाला है और गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ लसूड़िया थाने में 2022 और परदेशीपुरा थाने में 2023 के दौरान मारपीट, अड़ीबाजी और लूट जैसे मामले दर्ज हैं। आरोपी नौवीं तक पढ़ा है और विजय नगर स्थित विंध्येश्वरी ट्रैवल्स में काम करता है।
फिलहाल पुलिस ब्राउन शुगर के मुख्य सप्लायर, खरीदारों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के साथ 8/29 भी जोड़ी गई है।

0 Comments