महाराष्ट्र के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, पिकनिक मनाने गए 8 छात्रों की डूबने से मौत

पुणे के आलंदी की विनर्स एकेडमी के 48 सदस्यीय दल के 8 छात्रों की रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर समुद्र में डूबने से मौत हो गई। सभी शव बरामद कर लिए गए हैं।

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध दिवेआगर बीच पर गुरुवार, 1 अक्टूबर को दर्दनाक हादसा हो गया। पुणे के आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी से पिकनिक पर आए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। सभी मृतक 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद समुद्र तट पर अफरा-तफरी मच गई। 

जानकारी के मुताबिक, विनर्स एकेडमी का 48 सदस्यीय दल दिवेआगर के दिघी-सागरी इलाके में घूमने पहुंचा था। इस दल में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 शिक्षक शामिल थे। समुद्र किनारे पहुंचने के बाद कुछ छात्र नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान तेज बहाव और पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण 8 छात्र समुद्र की चपेट में आ गए। 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और वॉटर स्पोर्ट्स से जुड़े कर्मचारी बचाव के लिए समुद्र में उतरे। काफी प्रयास के बाद सभी 8 छात्रों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सभी शवों को बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। 

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह समुद्र की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लग पाना बताई जा रही है। घटना की जांच की जा रही है। 

मीडिया रिपोर्ट्स में मृत छात्रों के नाम यश वानखेड़े, सोहम भंडारवलकर, तन्मय वाहिले, कौस्तुभ दौंड, कैवल्य वासनकर, राजवील वाहिले, प्रणव बनसोडे और सुमीत अहिरे बताए गए हैं। 

Post a Comment

0 Comments