इंदौर के केयर सीएचएल हॉस्पिटल में 65 वर्षीय मरीज की जटिल सर्जरी कर किडनी में मौजूद 2.5 किलो की कैंसरयुक्त गांठ और फेफड़ों तक फैले ट्यूमर को निकाला गया। करीब 25 मिनट तक सर्कुलेटरी अरेस्ट के बावजूद मरीज 5–6 दिनों में स्वस्थ होकर घर लौट गया।
इंदौर। केयर सीएचएल हॉस्पिटल्स इंदौर में 65 वर्षीय मरीज की किडनी कैंसर की बेहद जटिल और दुर्लभ सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। मरीज के दाएं गुर्दे में करीब 2.5 किलो की कैंसरयुक्त गांठ थी, जिसका ट्यूमर खून की बड़ी नस आईवीसी (Inferior Vena Cava) से होते हुए फेफड़ों की रक्त वाहिका यानी पल्मोनरी आर्टरी तक पहुंच गया था।
मरीज को पिछले करीब दो महीनों से खांसी, सांस लेने में तकलीफ और कमर दर्द की शिकायत थी। जांच के दौरान सीटी स्कैन और इको से बीमारी की गंभीर स्थिति का पता चला। इसके बाद यूरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ जुल्का और कार्डियक सर्जन डॉ. मनीष पोरवाल की टीम ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन किया।
सर्जरी के दौरान दाईं किडनी में मौजूद करीब 2.5 किलो की कैंसरयुक्त गांठ को निकालने के साथ आईवीसी और पल्मोनरी आर्टरी तक फैले ट्यूमर को भी हटाया गया। ऑपरेशन के दौरान मरीज को बाईपास मशीन पर लेकर टोटल सर्कुलेटरी अरेस्ट करना पड़ा। डॉक्टरों के अनुसार यह सर्जरी का सबसे चुनौतीपूर्ण चरण था।
डॉ. सौरभ जुल्का ने बताया कि यह हाई-कम्प्लेक्सिटी सर्जरी थी। ऑपरेशन के दौरान करीब 25 मिनट तक मरीज के दिमाग और शरीर के अन्य अंगों तक रक्त प्रवाह नहीं पहुंच पाया। उन्होंने इसे एक दुर्लभ केस बताते हुए कहा कि इस तरह की गंभीर स्थिति में कई मरीज समय पर अस्पताल तक पहुंच ही नहीं पाते।वहीं डॉ. मनीष पोरवाल ने लोगों से शरीर में होने वाली छोटी से छोटी समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की बीमारी में ट्यूमर धीरे-धीरे बढ़ता रहता है, लेकिन कई बार मरीज को दर्द या कोई बड़ी परेशानी महसूस नहीं होती। ऐसे में समय रहते जांच और इलाज कराया जाए तो बीमारी को गंभीर होने से पहले ही नियंत्रित किया जा सकता है।इस जटिल सर्जरी में यूरोलॉजी, कार्डियक सर्जरी, एनेस्थीसिया और अन्य विशेषज्ञ टीमों ने मिलकर काम किया। सर्जरी करने वाली टीम में डॉ. सौरभ जुल्का, डॉ. मनीष पोरवाल, डॉ. विजय महाजन, डॉ. आशीष जैन, डॉ. राजेश कुकरेजा और डॉ. करण पोरवाल सहित चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ शामिल रहा। अस्पताल ने इसे संभवतः सेंट्रल इंडिया में इस तरह की पहली सफल सर्जरी बताया है।


0 Comments