इंदौर। शहर में खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को धमकाने के मामले सामने आ रहे हैं। आजाद नगर इलाके में बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक ठेकेदार के घर में प्रवेश किया और उसे थाने ले जाने तथा एमडी ड्रग्स के केस में फंसाने की धमकी देकर 4 हजार रुपए वसूल लिए। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हुसैनी मस्जिद क्षेत्र निवासी इमरान खान ने शिकायत में बताया कि 28 सितंबर की रात करीब 3 बजे भैया पठान और शाहरुख उर्फ पेट्रोल उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने दरवाजा खटखटाया और खुद को क्राइम ब्रांच से बताया। आरोप है कि इसके बाद इमरान को घर से बाहर बुलाकर जबरन अपने साथ ले गए और मारपीट व गाली-गलौज की। आरोपियों ने उसे केस में फंसाने की धमकी दी और इसी डर का फायदा उठाकर 4 हजार रुपए ले लिए।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घर और आसपास के CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने भैया पठान और शाहरुख उर्फ पेट्रोल को गिरफ्तार कर लिया है और उनके साथ मौजूद बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
0 Comments