ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बीच चौराहे जलाया गया पुतला

इंदौर में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया। बड़ा गणपति से टोरी कॉर्नर तक पैदल मार्च के बाद पुतला दहन के दौरान पुलिस ने फायर इक्स्टिंगग्विशर और धुआं छोड़कर प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही। वहीं पुलिस ने कार्रवाई को सुरक्षा के लिए उठाया गया कदम बताया।

इंदौर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को इंदौर में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ा गणपति चौराहा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला और टोरी कॉर्नर चौराहा पहुंचकर नारेबाजी की। यहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने फायर इक्स्टिंगग्विशर का इस्तेमाल किया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए धुआं छोड़ा।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त जैसे संवैधानिक पद को बदनाम किया है और उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। चौकसे ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार बीजेपी के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं और जहां-जहां बीजेपी की सरकार बनी है, वहां वोट चोरी हुई है।

चौकसे ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस आज ब्लैक डे मना रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए आईडीए ने 14 लाख रुपये में जमीन किराए पर दी थी, जबकि 7 अक्टूबर को बीजेपी के कार्यक्रम के लिए जमीन का कोई शुल्क नहीं लिया गया। इस मामले को लेकर कांग्रेस 9 अक्टूबर को आईडीए कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी।

नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उनके साथ पुलिस द्वारा किए गए व्यवहार का कांग्रेस विरोध करती है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को ‘लोकतंत्र का हत्यारा’ बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा कि वोट चोरी और लोकतंत्र के कथित हनन के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन नहीं रुकेगा।

वहीं, पुलिस अधिकारी अशोक जादौन ने कहा कि पुतला दहन के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो, इसलिए पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस को रोकने का प्रयास किए जाने के मामले में जांच की जाएगी।


इस दौरान राजेश चौकसे, दीपू यादव, पार्षद राजू भदौरिया, पिंटू जोशी, अमन बजाज, अंसाफ़ अंसारी, कुणाल सोलंकी, सीमा सोलंकी, सच सलूजा समेत काई कांग्रेसी मौजूद थे। 

Post a Comment

0 Comments