धुले। राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) को मिली विशेष खुफिया जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के धुले जिले के शिरपुर के ग्राम जमनियापानी के पास वन्यजीव अभयारण्य के अंदर बड़े पैमाने पर अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए DRI और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की संयुक्त टीम 14 अक्टूबर को ग्राम जमनियापानी, शिरपुर, जिला धुले स्थित वन्यजीव अभयारण्य पहुंची।
टीम ने अभयारण्य के एक सुदूर और घने जंगली क्षेत्र में पांच अलग-अलग हिस्सों में फैली हुई अवैध गांजे की खेती को चिन्हित किया, जिसका कुल रकबा 2.8665 हेक्टेयर (7.08 एकड़) था। दुर्गम इलाका, जंगली जानवरों का खतरा और मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता के कारण यह ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण था। ऑपरेशन के दौरान क्षेत्र में एक भालू भी देखा गया। इन सभी चुनौतियों के बावजूद, अधिकारियों ने पूरी सावधानी और सुरक्षा उपायों के साथ ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में रोटावेटर से गांजे की फसल को नष्ट किया गया। आगे की जांच जारी है।

0 Comments