इंदौर। लगता है इंदौर के पांच भाजपा विधायकों के क्षेत्र में पानी की कमी नहीं है और ना ही उन्हें बोरिंग की कोई आवश्यकता है। यह हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि खुद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय स्वीकार कर रहे हैं।
दरअसल आज मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शहर में संभावित जलसंकट को देखते हुए एक बैठक आयोजित की थी, जिसमें सभी विधायकों और निगम अधिकारियों को बुलाया गया था।
बैठक में विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया और मधु वर्मा ही पहुंचे, वहीं मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक उषा ठाकुर, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, मनोज पटेल ने बैठक से दूरी बनाए रखी। यहां तक कि सांसद शंकर लालवानी भी बैठक में नहीं पहुंचे। मीडियाकर्मियों ने जब विजयवर्गीय से इस संबंध में सवाल पूछा तो उन्होंने बड़े सख्त अंदाज में नाराजगी दिखाते हुए कहा कि हो सकता है उनके क्षेत्र में जल संकट नहीं हो। इसलिए वह बैठक में नहीं आए हैं। विदित है कि शहर में जलसंकट को लेकर अभी से ही तैयारी शुरू हो गई है और विजयवर्गीय ने इसी को लेकर बैठक बुलाई थी, जिसमें आगे की रणनीति तैयार की गई।

0 Comments