इंदौर के सयाजी होटल में 3 दिसंबर को शादी के लिए बुकिंग कराने वाले एक परिवार ने खाद्य सुरक्षा जांच के बाद बुकिंग रद्द करने का फैसला किया है।
इंदौर। शहर के चर्चित सयाजी होटल को लेकर खाद्य सुरक्षा जांच के बाद अब शादी की बुकिंग कराने वाले परिवारों में भी चिंता सामने आ रही है। एक परिवार ने किचन में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों की शिकायत के बाद होटल में अपनी शादी की बुकिंग रद्द करने का फैसला किया है। परिवार का आरोप है कि होटल प्रबंधन ने 7 लाख रुपये का एडवांस वापस करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद कलेक्टर से शिकायत की गई है।
शिकायत के मुताबिक, सुदामा नगर निवासी परिवार ने 3 दिसंबर को शादी के लिए सयाजी होटल का बैंक्वेट हॉल बुक कराया था। इसके लिए परिवार ने 18 जून को तीन रसीदों के माध्यम से करीब 7 लाख रुपये एडवांस जमा किए थे। होटल और परिवार के बीच शुरुआती कोटेशन का आदान-प्रदान भी हुआ था।
परिवार का कहना है कि हाल में होटल की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सामने आई जांच के बाद रिश्तेदारों और समाज में होटल को लेकर अविश्वास की स्थिति बन गई है। ऐसे में परिवार ने शादी कहीं और करने का फैसला लिया। परिवार ने होटल प्रबंधन से एडवांस राशि लौटाने का अनुरोध किया, लेकिन कथित तौर पर राशि वापस नहीं की गई।
बाहर से कैटरिंग की अनुमति भी नहीं मिली
परिवार ने शादी की तारीख नजदीक आने के चलते होटल प्रबंधन से स्वयं के शुद्ध शाकाहारी कैटरर/महाराज से भोजन बनवाने की अनुमति मांगी थी। शिकायत के अनुसार होटल ने अपनी नीति का हवाला देते हुए बाहर से कैटरिंग की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवार ने पूरी एडवांस राशि वापस मांगी, लेकिन आरोप है कि होटल प्रबंधन ने राशि लौटाने से इनकार कर दिया।
परिवार ने मामले की शिकायत कलेक्टर शिवम वर्मा से की है। शिकायत में परिवार ने खाद्य सुरक्षा जांच का भी हवाला दिया है और कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों में रिश्तेदारों के बीच होटल को लेकर भरोसा नहीं रह गया है।
खाद्य जांच में 8 में से 5 सैंपल फेल
इधर, खाद्य सुरक्षा प्रशासन की हालिया जांच रिपोर्ट में सयाजी होटल से लिए गए 8 खाद्य नमूनों में से 5 मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें पिस्ता कतरन और मूंगफली दाना के नमूने असुरक्षित, जबकि पनीर, सान्या मीडियम फैट पनीर और खोपरा बूरा के नमूने अवमानक पाए गए। तीन नमूने मानक स्तर के मिले।
इससे पहले निरीक्षण के दौरान होटल की किचन व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने कार्रवाई की थी। रिपोर्टों के अनुसार किचन में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव से जुड़ी कई कमियां सामने आई थीं। बाद में हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद होटल का संचालन जारी रहा।

0 Comments