इंदौर। इंदौर में ₹2,820 करोड़ की लागत से मेट्रो के नए चरण की शुरुआत हुई। मेट्रो सुपर कॉरिडोर-3 से मालवीय नगर चौराहा (रेडिसन) तक चलेगी। कार्यक्रम
इंदौर। इंदौर में शनिवार को ₹2,820 करोड़ की लागत से मेट्रो के नए चरण की शुरुआत का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस चरण में मेट्रो सुपर कॉरिडोर-3 से मालवीय नगर चौराहा (रेडिसन) तक चलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, विधायक मधु वर्मा, विधायक मालिनी गौड़, ऊषा ठाकुर, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित कई दिग्गज मौजूद रहे।
विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की तारीफ करते हुए कहा कि “तेज-तर्रार गुरुओं के गुरु बनकर आ रहे हैं मुख्यमंत्री मोहन यादव।” उन्होंने विधायक मधु वर्मा पर भी चुटकी ली और कहा कि वे तीन दिन से वायरल थे और आज आकर उन्होंने एहसान किया है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि 20 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में मेट्रो का काम शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि 2014 में देश में मेट्रो नेटवर्क करीब 248 किलोमीटर था, जो अब 1,170 किलोमीटर से अधिक हो गया है। आने वाले दो वर्षों में भारत अमेरिका को पीछे छोड़ सकता है।
खट्टर ने कहा कि मेट्रो सिर्फ यातायात का साधन नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहरीकरण जितनी तेजी से होगा और इंफ्रास्ट्रक्चर जितना बढ़ेगा, भारत उतनी तेजी से विकसित होगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिंचाई क्षमता बढ़ाने और प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से इंदौर से मनमाड़ तक रेल परियोजना को बड़ी सौगात बताया।खट्टर ने कहा कि भारत जल्द जर्मनी को पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने कहा, “अगर मध्य प्रदेश देश का दिल है तो इंदौर उसकी धड़कन है।”




0 Comments