बालाघाट के किरनापुर में पुलिस पर गर्भवती महिला और उसके पति को चोरी के शक में थाने ले जाकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है।
बालाघाट के किरनापुर थाना क्षेत्र में गर्भवती महिला और उसके पति के साथ पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। परिवार का आरोप है कि 2 सितंबर को पोस्ट ऑफिस में हुई चोरी के मामले में पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। वहां अलग-अलग कमरों में ले जाकर बेल्ट और डंडों से मारपीट की गई और चोरी कबूल करने का दबाव बनाया गया।
परिजनों के मुताबिक, महिला करीब दो माह की गर्भवती है और कथित मारपीट के बाद पांच दिन से गंभीर हालत में थी। सोमवार को परिवार उसे खाट पर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गया। महिला की हालत देखकर डिप्टी कलेक्टर राहुल नायक ने उसे तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।
मामला सामने आने के बाद एसपी आदित्य मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने किरनापुर थाने के चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और जांच महिला एसआईटी को सौंप दी है। पुलिस की कार्रवाई और लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

0 Comments