महाराष्ट्र में गरबा आयोजनों में मुस्लिमों की एंट्री को लेकर चल रहे विवाद के बीच अमृता फडणवीस का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई मुस्लिम व्यक्ति शांतिपूर्वक गरबा देखने या उसका आनंद लेने आता है, तो इसमें कुछ गलत नहीं है।
महाराष्ट्र में नवरात्रि से पहले गरबा और डांडिया आयोजनों में मुस्लिमों की एंट्री को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने इस मुद्दे पर अलग रुख सामने रखा है। उन्होंने कहा कि त्योहार सभी को साथ लेकर चलने वाले होते हैं और अगर कोई मुस्लिम व्यक्ति शांतिपूर्वक गरबा देखने या उसका आनंद लेने आता है, तो इसमें कुछ गलत नहीं है।अमृता फडणवीस का यह बयान चंद्रपुर में सामने आया। उनसे महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे के उस बयान पर सवाल किया गया था, जिसमें उन्होंने गरबा आयोजनों में मुस्लिमों को प्रवेश नहीं देने की मांग का समर्थन किया था। राणे ने इसके पीछे ‘लव जिहाद’ की आशंका का हवाला दिया था।
वहीं, विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने भी महाराष्ट्र में नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में मुस्लिमों की एंट्री रोकने की अपील की है। इस विवाद के बीच अमृता फडणवीस की समावेशी टिप्पणी ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।

0 Comments