इंदौर। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को इंदौर में किन्नर समाज की ओर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। नंदलालपुरा स्थित किन्नर समाज मंदिर के पास से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजवाड़ा सहित निर्धारित मार्ग पर पहुंची। यात्रा के दौरान किन्नर समाज के सदस्य भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन नजर आए और बैंड-बाजों की धुन पर नृत्य करते हुए आगे बढ़े।
यात्रा में घोड़ी, बग्गी, बैंड-बाजे और पुराने मॉडल की मर्सिडीज कारें विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें किन्नर समाज के महामंडलेश्वर और प्रमुख संत सवार थे। अलग-अलग समूहों में बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग पर भगवान भोलेनाथ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
अयोजन में महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी (गुरु), श्री श्री 1008 दुर्गानंद गिरी महामंडलेश्वर, श्री श्री 1008 मंगला गौरी महामंडलेश्वर, श्री श्री 1008 बहुचरानंद महामंडलेश्वर, सिमरन नायक, टीना नायक और अखिल भारतीय किन्नर समाज की अध्यक्ष पायल कुंवर (गुरु) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इंदौर के अलावा उज्जैन, रतलाम सहित अन्य स्थानों से भी किन्नर समाज के लोग यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने भी यात्रा को उत्सुकता से देखा।



0 Comments