शिवपुरी। कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो भाजपा की मासिक बैठक का बताया जा रहा है, जिसमें विधायक पार्टी के पदाधिकारियों को सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने का लक्ष्य बताते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में विधायक के मुताबिक मंडल अध्यक्ष को कम से कम 25 हजार, शक्ति केंद्र प्रभारी को 5 हजार और बूथ अध्यक्ष को 1 हजार फॉलोअर्स जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने पदाधिकारियों से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और भाजपा संगठन व सरकार की गतिविधियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की बात कही।
विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स का उदाहरण देते हुए पदाधिकारियों की सोशल मीडिया पर मजबूत मौजूदगी की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के जरिए संगठन के काम और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना चाहिए।
अगली बैठक में समीक्षा की बात
महेंद्र यादव ने वीडियो में इन लक्ष्यों की अगली मासिक बैठक में समीक्षा करने की बात भी कही। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा के भीतर और राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा शुरू हो गई है। खासतौर पर अलग-अलग संगठनात्मक पदों के लिए फॉलोअर्स का लक्ष्य तय किए जाने को लेकर चर्चा हो रही है।

0 Comments