कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए ‘शुद्धिकरण’ को लेकर राज्यसभा में मुद्दा उठाया। खड़गे ने कहा कि वहां रैली के बाद मंच का शुद्धिकरण किया जाना उन्हें छुआछूत का एहसास कराने और अपमानित करने वाला था।
खड़गे ने अपने बयान में कहा कि “मैं दलित हूं, इसलिए मेरी रक्षा करो या मेरी मदद करो” ऐसा उन्होंने कभी किसी से नहीं कहा। उन्होंने कहा कि उनमें लड़ने की ताकत है और वे लड़ते हैं। लेकिन हल्द्वानी में उनके भाषण के बाद मंच का शुद्धिकरण कराए जाने से उन्हें छुआछूत का दर्द महसूस हुआ।
दरअसल, 8 अगस्त को खड़गे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली को संबोधित किया था। इसके दो दिन बाद वहां एक संगठन की ओर से हवन और गंगाजल छिड़ककर ‘शुद्धिकरण’ किया गया। इसको लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।
मामला राज्यसभा तक पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा का इस कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है और मामले की जांच कराई जाएगी।

0 Comments