धार्मिक नगरी से जहरीली शराब हो रही सप्लाई, कांग्रेस अध्यक्ष का बड़ा दावा

 


भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने धार्मिक नगरियों में शराबबंदी को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पटवारी ने गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब से हुई मौतों का हवाला देते हुए सरकार के शराबबंदी के दावे पर सवाल उठाए।

पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने धार्मिक नगरियों में शराबबंदी को लेकर बयान दिया था। मध्य प्रदेश सरकार ने उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, ओरछा, मैहर समेत धार्मिक महत्व वाले क्षेत्रों में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है।

पटवारी ने सवाल उठाया कि अगर उज्जैन जैसी धार्मिक नगरी में शराब की बिक्री पर रोक है, तो वहां से जहरीली शराब गुजरात के भावनगर तक कैसे पहुंच गई? उन्होंने इसे सरकार के शराबबंदी के दावे पर सवाल खड़ा करने वाला मामला बताया। कांग्रेस ने दावा किया है कि भावनगर की घटना में इस्तमाल मिलावटी शराब का संबंध उज्जैन से सामने आया है।

गुजरात में जहरीली शराब से मौतों का मामला

गुजरात के भावनगर जिले में कथित जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हुई है और कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक मृतकों की संख्या 7 तक पहुंच गई है और करीब 30 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है।

मुरैना के डोंगरपुर निवासी 47 वर्षीय नागेंद्र यादव की भी भावनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। गुजरात पुलिस को जहरीली शराब की आशंका है, हालांकि परिवार को शुरुआत में हार्ट अटैक की जानकारी दी गई थी। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद स्पष्ट होगी।

पटवारी ने गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां शराबबंदी लागू होने के बावजूद जहरीली शराब का मामला सामने आया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि जब शराबबंदी वाले क्षेत्र से ही अवैध शराब दूसरे राज्य तक पहुंच रही है तो सरकार की व्यवस्था पर सवाल क्यों न उठाए जाएं।

पटवारी ने प्रदेश में शराब की उपलब्धता को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका आरोप है कि कांग्रेस शासन के समय शराब की छोटी दुकानों के मुकाबले भाजपा सरकार में बड़े स्तर पर शराब की बिक्री हो रही है और मोबाइल के जरिए घर तक शराब पहुंचने जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

Post a Comment

0 Comments