इंदौर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, 103.55 ग्राम MDMA के साथ युवक गिरफ्तार


इंदौर। क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुपर कॉरिडोर से एक युवक को 103.55 ग्राम MDMA ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अयाज हुसैन (19), निवासी इंदौर के रूप में बताई गई है।

जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को रविवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक 100 ग्राम से ज्यादा MDMA लेकर इंदौर आने वाला है। सूचना पर टीम ने सुपर कॉरिडोर पर घेराबंदी की। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक से जा रहे युवक की नजर पुलिस टीम पर पड़ी। वह घबरा गया और भागने की कोशिश में बाइक से फिसलकर गिर गया, जिसके बाद टीम ने उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 103.55 ग्राम MDMA बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत 10.30 लाख रुपये है। कार्रवाई में बाइक समेत कुल 11.80 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया।

पूछताछ में दूसरे आरोपी का नाम आया

पुलिस पूछताछ में अयाज हुसैन ने अपने साथी शाहनवाज का नाम बताया। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने शाहनवाज को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, अयाज के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामला दर्ज है। वह आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और मजदूरी करता है, जबकि शाहनवाज चूड़ियां बनाने का काम करता है।

पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और MDMA की सप्लाई कहां से हुई तथा नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

0 Comments