इंदौर। शहर को और ज्यादा हरा-भरा बनाने के लिए बुधवार को सुपर कॉरिडोर स्थित बोहरा कॉलोनी में 21 हजार पौधों के रोपण के साथ बड़े पौधारोपण अभियान की शुरुआत हुई। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संत-महंतों की मौजूदगी में पौधारोपण किया। बटुकों के शास्त्रोक्त मंत्रोच्चार के बीच साधु-संतों और जनप्रतिनिधियों ने भी पौधे लगाए।
सुपर कॉरिडोर पर वन विभाग की करीब 100 एकड़ जमीन पर ‘नगर वन’ विकसित करने की योजना है। यहां आने वाले समय में लाखों पौधे लगाए जाएंगे और घना वन तैयार किया जाएगा। प्रस्तावित नगर वन में मौजूदा तालाब का विस्तार कर बारिश के पानी को संग्रहित करने के साथ बोटिंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पेड़ जीवन देने का काम करते हैं और उनकी संख्या बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर वन भविष्य में इंदौर के लिए ऑक्सीजन जोन के रूप में काम करेगा। यहां फलदार पेड़ लगाए जाएंगे, ताकि प्रवासी पक्षियों को भी आकर्षित किया जा सके।


0 Comments