भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर हुआ जमकर हंगामा

 


भुवनेश्वर। भुवनेश्वर के बीजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो की भुवनेश्वर-कोलकाता फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते रद्द होने के बाद जमकर हंगामा हुआ। फ्लाइट में करीब 65 यात्रियों को सफर करना था। उड़ान पहले करीब 2 बजे रवाना होनी थी, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण देरी होती रही और शाम करीब 5 बजे फ्लाइट कैंसिल कर दी गई।

फ्लाइट कैंसिल होने से नाराज एक महिला यात्री ने इंडिगो के काउंटर पर हंगामा किया। महिला अपने बीमार बेटे के इलाज के लिए कोलकाता जा रही थी। वायरल वीडियो में वह एयरलाइन स्टाफ से बहस करती और गुस्से में सामान को नुकसान पहुंचाती नजर आ रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, एयरपोर्ट की संपत्ति को करीब 49 हजार रुपये का नुकसान पहुंचने का आरोप है। मॉनिटर, की-बोर्ड और पासपोर्ट स्कैनिंग मशीन के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने मामले में पुलिस शिकायत दर्ज कराई है।

इंडिगो ने बताया कि फ्लाइट 6E 7352 को अनिवार्य प्री-डिपार्चर जांच के दौरान तकनीकी खराबी मिलने के कारण रद्द किया गया। एयरलाइन के अनुसार यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा, रिफंड और अन्य सहायता के विकल्प दिए गए। महिला यात्री को 'अनरूली' घोषित कर सुरक्षा एजेंसियों को सौंपे जाने की बात भी इंडिगो ने कही है।

बाद में कुछ यात्रियों ने टिकट रद्द किए, जबकि महिला समेत कुछ यात्री वैकल्पिक फ्लाइट से रात करीब 11 बजे कोलकाता के लिए रवाना हुए।

Post a Comment

0 Comments