गुना जिले के बीनागंज में सोमवार को एक टैंकर पलटने के बाद अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। टैंकर से सड़क पर तेल बहने लगा तो आसपास के लोग बाल्टी, कैन और बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और तेल भरकर ले जाने लगे।
गुना। जिले के बीनागंज में रविवार शाम नेशनल हाईवे-46 पर एक टैंकर पलटने के बाद अफरा-तफरी मच गई। बीनागंज वेयरहाउस के पास हुए हादसे के बाद टैंकर से बड़ी मात्रा में तरल पदार्थ सड़क और आसपास के गड्ढों में बहने लगा। इसे देखकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
हैरानी की बात यह रही कि कई लोग इसे खाने का रिफाइंड तेल समझ बैठे। कोई बाल्टी लेकर पहुंचा तो कोई कैन और पतीला लेकर। देखते ही देखते लोगों में सड़क पर बह रहे तेल को भरकर ले जाने की होड़ लग गई। महिलाओं को भी बाल्टियों में तेल भरते देखा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रिफाइंड नहीं, तारपीन का तेल था
मामले में गुना एसपी प्रशांत सिंह सुमन ने स्पष्ट किया कि टैंकर में खाने वाला रिफाइंड तेल नहीं, बल्कि तारपीन का तेल था। तारपीन खाद्य पदार्थ नहीं है और इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से औद्योगिक कामों, पेंट और वार्निश आदि में किया जाता है।
जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन ने लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि जो लोग तेल अपने घर ले गए हैं, वे इसका सेवन बिल्कुल न करें। गांवों में मुनादी और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाने का प्रयास किया। टैंकर को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई गई। फिलहाल हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

0 Comments