प्रेमी के साथ रहने का विरोध करता था बेटा, मां ने प्रेमी संग मिलकर उतारा मौत के घाट

छिंदवाड़ा में एक मां ने अपने बेटे की हत्या इसलिए कर दी क्योंकि वो उसके प्रेमी के घर में रहने के खिलाफ था। पुलिस ने सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी।


मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के बनगांव में 19 वर्षीय राजा कहार की उसकी मां और मां के प्रेमी ने गला घोंटकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, राजा अपनी मां के साथ रह रहे प्रेमी रोहणी नंदा का विरोध करता था और उसे घर से निकालने की बात कहता था। 16 अगस्त की रात इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी मां राजकुमारी कहार और उसके प्रेमी पर रस्सी से राजा का गला घोंटने का आरोप है।

इसके बाद आरोपियों ने लोगों को बताया कि राजा शराब के नशे में सोया था और सुबह नहीं उठा। अंतिम संस्कार की तैयारी भी की जा रही थी, लेकिन स्थानीय लोगों को मौत संदिग्ध लगी और पुलिस को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम में गला घोंटने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस ने पूछताछ के बाद मृतक की मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने हत्या की बात स्वीकार की है।

Post a Comment

0 Comments