छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर में एक दुर्लभ जन्म का मामला सामने आया है। यहां एक 29 वर्षीय महिला ने चार हाथ और चार पैर वाले नवजात को जन्म दिया। बच्चे का वजन करीब 3 किलो बताया जा रहा है। जन्म के बाद अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी हैरान रह गए।
डॉक्टरों के मुताबिक, यह पैरासिटिक ट्विनिंग यानी अविकसित जुड़वां भ्रूण से जुड़ी दुर्लभ जन्मजात स्थिति हो सकती है। इसमें गर्भ में विकसित हो रहा एक भ्रूण पूरी तरह विकसित नहीं हो पाता और उसके कुछ अंग दूसरे विकसित हो रहे भ्रूण से जुड़े रह जाते हैं। हालांकि, बच्चे की वास्तविक स्थिति की पुष्टि विशेषज्ञ जांच के बाद ही होगी।
शुरुआत में मां और बच्चे को लवकुशनगर के स्वास्थ्य केंद्र में निगरानी में रखा गया। बाद में बेहतर इलाज और विशेषज्ञ जांच के लिए बच्चे को जिला अस्पताल रेफर किया गया। अब उसे उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाने की तैयारी की जा रही है।
बच्चे के जन्म की खबर फैलने के बाद अस्पताल में उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। डॉक्टरों की टीम फिलहाल नवजात की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे के इलाज को लेकर विशेषज्ञों से सलाह ली जा रही है।

0 Comments