जल्द शुरू होगी ये महत्वपूर्ण ट्रेन, सिग्नलिंग का काम पूरा

ओमकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन पर लगा सिग्नलिंग सिस्टम


खंडवा। इंदौर से खंडवा के बीच बंद पड़े रेलमार्ग के एक रूट पर जल्द ही आपको ट्रेन देखने को मिलेगी। हालांकि इस रूट पर पहले से मालगाड़ी का परिचालन किया जा रहा है जो खंडवा होकर सनावद के पास थर्मल पावर प्लांट तक कोयला ले जाती है। अब खंडवा से ओंकारेश्वर तक सीधी पैसेंजर ट्रेन देखने को मिलेगी। रेलवे रतलाम मंडल में इंदौर–खंडवा गेज कन्वर्जन परियोजना के अंतर्गत ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन पर सिग्नलिंग संबंधी महत्वपूर्ण कार्य आज पूरा कर लिया गया। विभाग द्वारा स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम का कार्य पूरा कर उसका सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया। जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ट्रेन परिचालन में संरक्षा की दृष्टि से सिगनलिंग सिस्ट्म काफी महत्विपूर्ण कड़ी है जिसे आज 13 अगस्तर 2026 को कमिशन किया जा चुका है। ओंकारेश्वर रोड स्टेशन पर रेलवे ट्रैक से संबंधित महत्वपूर्ण सीआरएस निरीक्षण पूर्व में ही पूरा किया जा चुका है। अब सिग्नलिंग कार्य के पूर्ण होने से इस स्टेशन को यात्री परिचालन के लिए तैयार करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण चरण पूरा हुआ है।

पहले ही ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन के स्टेशन भवन का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म तथा यात्रियों से संबंधित आवश्यक सुविधाओं के कार्य भी पूरे किए जा चुके हैं। निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद इस खंड को यात्री ट्रेन परिचालन के लिए खोलने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments