![]() |
| फाइल फोटो |
इंदौर। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में केसर बाग रोड स्थित आचार्य विद्यासागर बगीचे में बुधवार सुबह जैन संत के अंतिम संस्कार की सूचना से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, बगीचे में 80 वर्षीय जैन संत का अंतिम संस्कार किया गया। सार्वजनिक बगीचे में दाह संस्कार की जानकारी मिलते ही स्थानीय रहवासी मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि 80 वर्षीय जैन संत वर्षा योग (चातुर्मास) के लिए क्षेत्र में ठहरे हुए थे। इसी दौरान उनका निधन हो गया।
इसके बाद उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू की गईं। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात जैन समाज के कुछ लोग उद्यान में अंतिम संस्कार करने की अनुमति मांगने थाने पहुंचे थे। पुलिस ने सार्वजनिक उद्यान में अंतिम संस्कार की अनुमति देने से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद बुधवार सुबह बिना प्रशासनिक अनुमति के उद्यान परिसर में ही अंतिम संस्कार करा दिया गया।
सार्वजनिक बगीचे में अंतिम संस्कार की जानकारी फैलने के बाद कॉलोनी के रहवासी मौके पर एकत्रित हो गए और विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेने के साथ नगर निगम को भी पूरे मामले से अवगत कराया है।

0 Comments