भोपाल में रहवासी क्षेत्रों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर सीलिंग कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में व्यापारी सड़कों पर उतर आए। व्यापारियों ने रोशनपुरा चौराहे से न्यू मार्केट तक विशाल रैली निकाली और बाद में चक्काजाम कर विरोध जताया। प्रदर्शन में महिला व्यापारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुईं।
व्यापारियों की प्रमुख मांग है कि भोपाल का मास्टर प्लान जल्द लागू किया जाए और रहवासी क्षेत्रों में लंबे समय से संचालित कारोबार के लिए मिक्स्ड लैंड यूज की व्यवस्था की जाए। साथ ही गुजरात मॉडल की तर्ज पर नियमितीकरण की नीति लागू करने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान करीब पौने दो घंटे तक चक्काजाम रहा। कुछ व्यापारी मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने लगे, जिन्हें पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा।
इस बीच, रिपोर्टों के मुताबिक भोपाल के रहवासी क्षेत्रों में 750 से ज्यादा व्यावसायिक संस्थानों पर कार्रवाई का खतरा है और कई मामलों में अंतिम नोटिस की प्रक्रिया चल रही है।

0 Comments