मुख्यमंत्री इंदौर को देंगे 4 सौगात, कौनसी?


इंदौर। मुख्यमंत्री मोहन यादव आजादी की वर्षगांठ के दूसरे दिन इंदौर शहर को चार बड़ी सौगात देने जा रहे है। इनमें कनेक्टिविटी, विरासत, खेल और मनोरंजन के क्षेत्र शामिल है। इस दिन 40 साल पुरानी सड़क का इंतजार खत्म होगा तो अटल प्रतिमा का भूमिपूजन भी होगा। नेहरू पार्क स्विमिंग पूल और जू के 14-डी थिएटर का मुख्यमंत्री लोकार्पण भी करेंगे। 

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि 16 अगस्त इंदौर के विकास के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। बड़ी संख्या में शहरवासी इन विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के साक्षी बनेंगे।

40 साल का इंतजार खत्म... अब अन्नपूर्णा से रिंग रोड सीधे जुड़ेंगे

पश्चिम क्षेत्र की सबसे पुरानी मांगों में शामिल अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड को जोड़ने वाली सड़क अब हकीकत बन चुकी है। सुदामा नगर और विश्वकर्मा नगर के बीच बनने वाली यह सड़क करीब चार दशक से लंबित थी। 0.95 किमी लंबी और 45 मीटर चौड़ी सड़क पर ₹16.61 करोड़ खर्च हुए हैं। इसमें सीमेंट कांक्रीट रोड के साथ सीवर चैंबर स्ट्रेंथनिंग, स्टॉर्म वाटर लाइन, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ, सेंटर लाइटिंग और इलेक्ट्रिक लाइन शिफ्टिंग जैसे काम किए गए हैं।इस कनेक्शन से पश्चिम क्षेत्र के कई इलाकों को रिंग रोड तक सीधा और सुगम रास्ता मिलेगा।

अटलजी की स्मृति को मिलेगा स्थायी स्वरूप

दशहरा मैदान स्थित गार्डन में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। शहर के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर अटलजी की प्रतिमा उनकी स्मृति और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

नेहरू पार्क में अब नया स्विमिंग पूल

शहरवासियों को खेल और फिटनेस की सुविधा से जोड़ने के लिए नेहरू पार्क के नवीन स्विमिंग पूल का लोकार्पण भी इसी दिन होगा। इससे शहर में तैराकी के लिए एक और आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी।

जू में 14-डी थिएटर...

इंदौर जू में तैयार किए गए 14-डी थिएटर का अनावरण भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में होगा। जू आने वाले बच्चों और परिवारों के लिए यह नया आकर्षण होगा और वन्यजीवों की दुनिया को तकनीक के नए अनुभव से जोड़ने की कोशिश होगी।

Post a Comment

0 Comments