मध्य प्रदेश में फिर दिखेगा मानसून का रौद्र रूप, मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

 

Ai जेनरेटेड इमेज 

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश, आकाशीय बिजली, झंझावाती हवाएं और जलभराव की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले घंटों और अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इसके चलते निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के उफान पर आने और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा और खरगोन जिलों में अति भारी बारिश के साथ गरज-चमक, वज्रपात और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में कहीं-कहीं मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा बड़वानी, देवास, आगर-मालवा, मंदसौर, रायसेन, सीहोर, बैतूल, इंदौर, उज्जैन और शाजापुर जिलों में भी भारी बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं भोपाल, विदिशा, राजगढ़, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर, पांढुर्णा, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर सहित कई अन्य जिलों में भी गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे शरण नहीं लेने, जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनते नालों को पार करने से बचने तथा बिजली कड़कने के समय खुले मैदानों में न रहने की अपील की है। वाहन चालकों को भी फिसलन भरी सड़कों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

किसानों को खेतों में कार्य करते समय मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और तेज बारिश व बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments