इंदौर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सॉलिटेयर क्लब ने उज्ज्वल भविष्य सेवा आश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया। शिविर में आश्रम के बच्चों सहित कुल 75 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान पांच मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई, जिनके इलाज और ऑपरेशन की पूरी व्यवस्था क्लब द्वारा की जाएगी। साथ ही जरूरतमंद बच्चों के लिए चश्मे और आवश्यक दवाइयों की भी व्यवस्था की गई।
सॉलिटेयर क्लब के अध्यक्ष सनी वाधवानी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस त्याग, सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उनकी मुस्कान से बढ़कर कोई उपलब्धि नहीं हो सकती तथा समाज सेवा ही वीर सैनिकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
शिविर का मार्गदर्शन डॉ. उमा झँवर ने किया। नेत्र परीक्षण रोहित आई केयर की टीम ने किया, जबकि स्वास्थ्य परीक्षण की जिम्मेदारी नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन की टीम ने संभाली। इस दौरान क्लब के स्वयंसेवकों कनक वाधवानी, रितेश चांगल, हरप्रीत कुकरेजा, अंशुल मंगल और चेतन चौधरी ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में सॉलिटेयर क्लब ने कारगिल के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज सेवा के ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

0 Comments