इंदौर। स्थानीय निकाय चुनाव से पहले इंदौर जिले की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। वार्षिक पुनरीक्षण और शुद्धिकरण अभियान के तहत 3 लाख 26 हजार 360 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इनमें फर्जी, दोहरे, मृत और दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार हटाए गए कुल नामों में करीब 88 प्रतिशत शहरी क्षेत्रों से हैं, जिससे कई वार्डों का चुनावी समीकरण बदल सकता है।
अंतिम मतदाता सूची के अनुसार अब इंदौर जिले में करीब 25.80 लाख मतदाता मतदान करेंगे। नगर निगम क्षेत्र में सबसे अधिक नाम हटाए गए हैं। संत कबीर, नंदबाग, सुखलियानिवास, रेसिडेंसी, डॉ. मौलाना आजाद नगर, मुंडला नायता, बिचौली और नाहर शाहवली जैसे वार्डों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं।
नई सूची में देपालपुर, बेटमा, सांवेर, हातोद और मानपुर नगर परिषदों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक दर्ज हुई है। माना जा रहा है कि इन क्षेत्रों में महिला मतदाता चुनावी नतीजों में अहम भूमिका निभा सकती हैं। प्रशासन का कहना है कि व्यापक सत्यापन के बाद मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया गया है तथा यही सूची आगामी स्थानीय निकाय चुनाव का आधार बनेगी।

0 Comments