इंदौर में इस बार मानसून मेहरबान, अब तक 15.5 इंच बारिश; पिछले साल से 5 इंच ज्यादा पानी बरसा


इंदौर। जिले में इस बार मानसून सामान्य से अधिक सक्रिय बना हुआ है। 1 जून से 28 जुलाई तक इंदौर जिले में 393.7 मिलीमीटर (करीब 15.5 इंच) औसत वर्षा दर्ज की गई है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में हुई 258.2 मिलीमीटर (करीब 10.2 इंच) बारिश की तुलना में 135.5 मिलीमीटर (करीब 5.3 इंच) अधिक है।

भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार, मंगलवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 7.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान गौतमपुरा में सबसे अधिक 25.7 मिमी, देपालपुर में 9.8 मिमी, इंदौर शहर में 7.5 मिमी, महू में 1.6 मिमी और सांवेर में 0.5 मिमी वर्षा हुई, जबकि हातोद में बारिश नहीं हुई।

जारी मानसून सत्र में अब तक गौतमपुरा 650.3 मिमी वर्षा के साथ जिले में सबसे आगे है। इसके बाद देपालपुर में 450.9 मिमी, इंदौर में 363.5 मिमी, सांवेर में 352.1 मिमी, हातोद में 277 मिमी और महू में 268.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे जिले की कुल वर्षा में और बढ़ोतरी हो सकती है।

Post a Comment

0 Comments