अमरनाथ यात्रा में बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी, 30 से अधिक यात्री घायल

 


श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार सुबह जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया। बालटाल से श्रीनगर जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस सोनमर्ग-हरिगनीवान के खतरनाक एस-मोड़ पर चालक का नियंत्रण खोने के बाद सड़क से नीचे उतर गई और करीब 20–25 मीटर नीचे लुढ़कते हुए एक मकान की छत पर जाकर रुक गई। बस में लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं है। 

हादसे की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, ITBP, CRPF और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को सुरक्षित निकालकर कंगन और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ को विशेष निगरानी में रखा गया है। 

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तीखे मोड़ पर बस का संतुलन बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। जिस मकान की छत पर बस जाकर रुकी, उसके कारण बस और नीचे जाने से बच गई, जिससे बड़ा जनहानि टल गई। 

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब अमरनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पहले से सतर्क है। दुर्घटना के बाद यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। 

Post a Comment

0 Comments