सिवनी में ASP की कथित धमकी का वीडियो वायरल, बोले- लड़के के बैग में गांजा रख दो; TI लाइन अटैच

 सिवनी में होटल में मिले बालिग कपल से पूछताछ के दौरान ASP दीपक मिश्रा की कथित गांजा रखने वाली टिप्पणी का CCTV वीडियो वायरल हुआ है। TI लाइन अटैच, IG ने मांगी रिपोर्ट। ASP ने वीडियो को AI जनरेटेड बताया है।

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक होटल में बालिग युवक-युवती से पूछताछ के दौरान एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा की कथित बातचीत का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस एक होटल में पहुंची थी, जहां युवक-युवती मिले। युवती ने पुलिस को बताया कि दोनों बालिग हैं, एक ही जाति से हैं और शादी करना चाहते हैं। आरोप है कि पुलिस ने युवती से मोबाइल का लॉक खोलकर परिवार को फोन लगाने के लिए कहा।

युवती के मोबाइल का लॉक नहीं खोलने पर वायरल वीडियो में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा कथित तौर पर कहते सुनाई देते हैं कि लड़के के पास गांजा रख दो। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।

मामले में सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी ने कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं, जबलपुर जोन के आईजी प्रमोद वर्मा ने भी मामले में एसपी से रिपोर्ट मांगी है।

दूसरी ओर, एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा ने वायरल वीडियो को AI जनरेटेड बताते हुए फर्जी करार दिया है। ऐसे में अब वीडियो की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम की जांच महत्वपूर्ण हो गई है।

Post a Comment

0 Comments