जीतू पटवारी ने विदिशा की घटना को लेकर मोहन यादव सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश में माफियाराज, महिला अपराधों और अवैध शराब की बिक्री को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विदिशा में हुई घटना का हवाला देते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को निशाने पर लेते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
पटवारी ने कहा कि विदिशा की घटना के बाद शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो बनाकर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में हर घंटे एक महिला के साथ दुष्कर्म होता है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए पटवारी ने कहा कि उनकी राजनीतिक प्रासंगिकता (रिलेवेंसी) बिल्कुल शून्य हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में माफियाओं का राज चल रहा है। प्रदेश में 52 तरह के माफिया सक्रिय हैं और उन्होंने सत्ता के तंत्र को अपने कब्जे में ले रखा है।
अवैध शराब के कारोबार पर सरकार को चुनौती
जीतू पटवारी ने प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री का मुद्दा उठाते हुए सरकार को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा, "मैं चैलेंज देता हूं, मुझे एक ऐसा मोहल्ला बता दीजिए, जहां अवैध शराब नहीं बिकती हो। एक गांव बता दीजिए, जहां डायरी पर अवैध शराब नहीं बिकती हो।"
पटवारी ने अपने बयान के जरिए प्रदेश में कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और अवैध शराब के कारोबार को लेकर मोहन यादव सरकार को घेरा। उनके इन आरोपों से प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार
हैं।

0 Comments