इंदौर के लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान मिली रहस्यमयी तिजोरी, होलकर राजघराने से जुड़ा हो सकता है इतिहास

इंदौर के लालबाग पैलेस में सड़क निर्माण के लिए खुदाई के दौरान जमीन में दबी पुरानी तिजोरी मिली है। होलकर राजघराने से इसके संबंध की चर्चा है, लेकिन तिजोरी की उम्र और अंदर रखी सामग्री को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

इंदौर। शहर के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस में मंगलवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब निर्माण कार्य के लिए की जा रही खुदाई के दौरान जमीन के नीचे दबी एक पुरानी तिजोरी दिखाई दी। तिजोरी मिलने की खबर फैलते ही मौके पर कर्मचारियों और अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई। कर्मचारियों ने बिना देरी किए तिजोरी को बाहर निकलवाया और सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई।

दरअसल, लालबाग पैलेस परिसर में इन दिनों सड़क निर्माण और दीवार से जुड़े काम चल रहे हैं। इसी काम के लिए सुबह जमीन की खुदाई की जा रही थी। तभी मिट्टी के अंदर एक पुरानी तिजोरी नजर आई। खुदाई कर रहे कर्मचारियों ने जब इसे देखा तो काम रोककर इसकी जानकारी अन्य कर्मचारियों को दी। तिजोरी को बाहर निकालने के बाद उसे सुरक्षित रख दिया गया।

होलकर राजघराने के इतिहास से जुड़ने की चर्चा

लालबाग पैलेस का नाम इंदौर के इतिहास और होलकर राजघराने की विरासत से जुड़ा हुआ है। ऐसे में परिसर में पुरानी तिजोरी मिलने के बाद इसके ऐतिहासिक महत्व को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह तिजोरी होलकर शासनकाल की हो सकती है और क्या कभी इसमें राजघराने से जुड़ा कोई कीमती सामान या महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे जाते थे।

हालांकि, फिलहाल इन चर्चाओं की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तिजोरी की वास्तविक उम्र और उसके भीतर मौजूद सामग्री को लेकर भी अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

कर्मचारियों ने सुरक्षित रखवाई तिजोरी

मौके पर मौजूद कर्मचारी मोहन नायरे ने बताया कि सड़क और दीवार निर्माण के लिए खुदाई चल रही थी। इसी दौरान जमीन के अंदर से यह पुरानी तिजोरी निकली। कर्मचारियों ने तत्काल इसे उठवाकर एक तरफ सुरक्षित रख दिया।

वहीं, चौकीदार धर्मेंद्र यादव ने बताया कि तिजोरी मिलने के बाद अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। अब संबंधित विभाग के अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अब अधिकारियों के निरीक्षण पर टिकी नजरें

इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल तिजोरी की उम्र और उसके अंदर मौजूद सामग्री को लेकर है। पुरातत्व विभाग और संबंधित अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ही यह पता चल सकेगा कि तिजोरी किस दौर की है और इसका होलकर राजघराने से कोई संबंध है या नहीं।

फिलहाल लालबाग पैलेस में मिली इस तिजोरी ने एक बार फिर इंदौर की ऐतिहासिक विरासत को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब सभी की नजरें अधिकारियों की जांच पर टिकी हैं।

Post a Comment

0 Comments