पांच साल से नहीं बना किशनगंज ओवरब्रिज, महू में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन; पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता

किशनगंज ओवरब्रिज का निर्माण अधूरा होने के विरोध में महू में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। विपिन वानखेड़े और ओम पटेल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प हुई। प्रशासन ने मार्च तक निर्माण पूरा करने का आश्वासन दिया।

महू। सड़क पर जाम, हादसों का खतरा और पांच साल से अधूरा पड़ा ओवरब्रिज... किशनगंज की इस समस्या को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने महू में प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग उठाई।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष ओम पटेल की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में माहौल उस समय गरमा गया, जब कार्यकर्ता ज्ञापन देने आगे बढ़े। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ओवरब्रिज का काम पिछले पांच साल से अटका हुआ है और करीब डेढ़ साल से निर्माण पूरी तरह बंद है। मुख्य सड़क से यातायात प्रभावित होने के कारण वाहन संकरी सर्विस लेन से निकल रहे हैं। यहां रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने और ट्रैफिक प्रबंधन की कमी के चलते हादसों का खतरा बना रहता है।

इस मुद्दे पर युवा कांग्रेस पहले भी आवाज उठा चुकी है। करीब 15 दिन पहले ओम पटेल ने सांकेतिक धरना दिया था। कांग्रेस का आरोप है कि इस प्रदर्शन के बाद उनके सहित कुछ युवा नेताओं पर एफआईआर दर्ज कर दी गई।

मंगलवार के प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं को भरोसा दिलाया कि मार्च तक ओवरब्रिज का निर्माण पूरा कर इसे यातायात के लिए खोलने का प्रयास नहीं, बल्कि लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा सर्विस लेन पर स्ट्रीट लाइट लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन भी दिया गया।

फिलहाल कांग्रेस ने प्रशासन के इस आश्वासन के बाद निगाहें मार्च की समयसीमा पर टिका दी हैं।

Post a Comment

0 Comments