पचमढ़ी में दर्दनाक हादसा: बंदर से बैग बचाने की कोशिश में खाई में गिरा पर्यटक, मौत

पचमढ़ी के प्रियदर्शिनी व्यू पॉइंट पर बंदर से बैग बचाने की कोशिश में नागपुर निवासी 40 वर्षीय पर्यटक विजय नाईक गहरी खाई में गिर गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने रेस्क्यू कर शव बाहर निकाला।

नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां प्रियदर्शिनी व्यू पॉइंट (फॉरेस्ट हिल) पर नागपुर निवासी 40 वर्षीय विजय नाईक की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, विजय नाईक करीब 20 से 30 लोगों के पर्यटक दल के साथ पचमढ़ी घूमने आए थे। इसी दौरान एक बंदर उनका बैग लेकर भागने लगा। बैग वापस लेने की कोशिश में विजय का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरी खाई में जा गिरे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद शव को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

इस घटना के बाद पचमढ़ी के पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और खाई के किनारे लगी रेलिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments