इंदौर के चार चौराहों पर ट्रैफिक का नया फॉर्मूला, जाम से मुक्ति के लिए हाईकोर्ट की पहल

इंदौर के चार प्रमुख चौराहों पर जाम कम करने के लिए लेफ्ट टर्न फ्री करने और ट्रैफिक नियमों में बदलाव का प्रयोग शुरू किया गया है।

 
इंदौर। शहर के प्रमुख चौराहों पर रोजाना लगने वाले जाम से निपटने के लिए अब ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव की कवायद शुरू हो गई है। हाईकोर्ट की निगरानी में गठित समिति ने पहले चरण में चार चौराहों को चुना है, जहां नए ट्रैफिक प्लान का परीक्षण किया जाएगा।

रसोमा, एलआईजी, लैंटर्न और हुकुमचंद घंटाघर चौराहे पर वाहन चालकों को लेफ्ट टर्न के लिए नहीं रुकना पड़ेगा। इसके लिए लेफ्ट टर्न को फ्री रखने की व्यवस्था बनाई जा रही है। साथ ही रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों पर सख्ती होगी और ट्रैफिक की रफ्तार में बाधा बनने वाले स्पीड ब्रेकर हटाए जाएंगे।

इस पूरी कवायद के पीछे मकसद चौराहों पर वाहनों की आवाजाही को आसान बनाना और बार-बार लगने वाले जाम को कम करना है। शनिवार को अतिरिक्त महाधिवक्ता राहुल सेठी की अध्यक्षता में हुई समिति की पहली बैठक में इन बदलावों पर सहमति बनी। प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

फिलहाल इसे चार चौराहों पर प्रयोग के तौर पर लागू किया जा रहा है। समिति व्यवस्था के नतीजों की समीक्षा करेगी। अगर प्रयोग सफल रहता है तो शहर के दूसरे व्यस्त चौराहों पर भी इसे लागू किया जा सकता है।

समिति की अगली बैठक 10 नवंबर को प्रस्तावित है। वहीं, यातायात व्यवस्था से जुड़ी याचिकाओं पर हाईकोर्ट में 30 नवंबर को सुनवाई होगी।

Post a Comment

0 Comments