इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में देर रात दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कार के कांच तोड़ने और अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की शिकायत की गई है। कार मालिक ने करीब 10 हजार रुपये के नुकसान का दावा करते हुए सीसीटीवी जांच और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
इंदौर। शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा वाहनों और मकान के कांच तोड़ने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात करीब 2:40 बजे दो अज्ञात व्यक्तियों ने स्कीम नंबर 78 स्थित क्रिश्चियन कॉलोनी, अरण्य नगर क्षेत्र में खड़ी एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार के आगे, पीछे और साइड के कांच फोड़ दिए।कार मालिक मथियास केलवा ने इस घटना में करीब 10 हजार रुपये के नुकसान की बात कही है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसी दौरान क्षेत्र में खड़ी एक अन्य कार और एक मकान की खिड़की के कांच भी तोड़े गए। लगातार इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र के रहवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल बनने की बात कही गई है।
मथियास केलवा ने लसूड़िया थाना प्रभारी को आवेदन देकर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने, अज्ञात आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

0 Comments