कांग्रेस पार्षद बोले, "मुझपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास निगम ने किया", कुणाल पर FIR, राजनीति बयानबाजी तेज

 इंदौर में ठेले हटाने की कार्रवाई के बाद कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी के खिलाफ नगर निगम ने एफआईआर दर्ज करवाई है। कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भाजपा नेताओं के दबाव में कार्रवाई होने का आरोप लगाया है।
इंदौर। शहर में ठेला हटाने की कार्रवाई को लेकर नगर निगम और कांग्रेस के बीच विवाद गहरा गया है। नगर निगम ने कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज करवाई है। मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर दबाव की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

पार्षद कुणाल सोलंकी ने आरोप लगाया कि नगर निगम की पीली गैंग ने गलियों में लगे ठेलों को हटाकर उनका सामान फेंक दिया और ठेलों को निगम की गाड़ी में भरकर ले गई। उनका कहना है कि ये ठेले न तो आवागमन में बाधा बन रहे थे और न ही इनसे ट्रैफिक प्रभावित हो रहा था।

सोलंकी ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान मोहित दुबे और जयश्वर्धन ने उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान गरीब लोग रोजगार और कमाई के लिए ठेले लगाते हैं, लेकिन निगम की कार्रवाई से उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
वहीं, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के दबाव में पार्षद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी अतिक्रमण के पक्ष में नहीं है, लेकिन जिन ठेलों को हटाया गया, वे छोटी-छोटी गलियों में लगे थे और उनसे लोगों को परेशानी नहीं हो रही थी।

चौकसे ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही पुलिस अधिकारियों से मिलकर मामले पर चर्चा करेगी। उन्होंने सरकारी अधिकारियों पर भाजपा के दबाव में काम करने और कांग्रेस नेताओं को परेशान करने का आरोप भी लगाया।

Post a Comment

0 Comments