राहुल गांधी की रैली से दिल्ली के बाजारों पर संकट! 2.5 लाख दुकानें बंद रहने की आशंका, व्यापारियों ने जताई नाराजगी

 राहुल गांधी की दिल्ली रैली से 2.5 लाख दुकानों के बंद रहने की आशंका जताते हुए CTI ने व्यापार और परिवहन व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की।

दिल्ली में 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने जा रही राहुल गांधी की रैली को लेकर व्यापारिक संगठनों ने चिंता जताई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर रैली के दौरान दिल्ली के बाजारों और व्यापार पर पड़ने वाले असर की ओर ध्यान दिलाया है।

CTI के मुताबिक, रैली के चलते रामलीला मैदान के आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में ट्रैफिक और माल परिवहन प्रभावित होने की आशंका है। संगठन का दावा है कि दिल्ली के लगभग 3 लाख दुकानों में से 2.5 लाख दुकानें बंद रह सकती हैं। इससे करीब 80 प्रतिशत व्यापार प्रभावित होने का अनुमान है।

व्यापारियों का कहना है कि दिवाली से पहले का समय कारोबार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। 20 प्रमुख बाजारों में 10 से 12 हजार करोड़ रुपये तक के कारोबार का अनुमान है। परिवहन बाधित होने से दुकानों तक माल नहीं पहुंच पाएगा और ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित होगी।


CTI ने स्पष्ट किया कि व्यापारी किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में नहीं हैं और उन्हें रैली से आपत्ति नहीं है। उनकी मांग है कि रैली के साथ-साथ बाजारों तक पहुंचने के रास्ते भी खुले रखे जाएं, ताकि व्यापार और आम लोगों को परेशानी न हो।

Post a Comment

0 Comments