इंदौर के कनाड़िया क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर बदमाश सोने की चेन, चांदी की पायजेब और नकदी चोरी कर ले गए। CCTV फुटेज में पांच संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
इंदौर। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कनाड़िया थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। परिवार त्योहार मनाने रिश्तेदारों के घर गया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने ताला तोड़कर घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, किसान प्रवीण अपने परिवार के साथ पिछले तीन-चार दिनों से रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। घर सूना होने का फायदा उठाकर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात बदमाशों ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए।
बदमाश घर की अलमारी में रखी सोने की एक चेन, चांदी की पायजेब और नकदी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने आसपास के अन्य घरों में भी रेकी करने की कोशिश की, लेकिन वहां चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
मंगलवार को जब प्रवीण अपने परिवार के साथ घर लौटे तो सामान बिखरा देखकर चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने कनाड़िया थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

0 Comments