इंदौर में ट्रैफिक पुलिस से बोला- अस्पताल जा रहा हूं... फोन पर बात की तो खुल गई पोल, कटा चालान

 इंदौर के इंद्रप्रस्थ चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस ने रेड लाइट तोड़ने और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले चालक का चालान काटा। अस्पताल जाने की बात कहने पर पुलिस ने फोन लगाकर सच्चाई पता की।

इंदौर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने के बाद बहाने बनाना एक वाहन चालक को भारी पड़ गया। ट्रैफिक पुलिस ने रेड लाइट तोड़ने और मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चलाने पर चालक का चालान काट दिया। इस दौरान चालक ने अस्पताल जाने की बात कहकर कार्रवाई से बचने की कोशिश की, लेकिन उसकी सच्चाई सामने आ गई।

दरअसल, इंद्रप्रस्थ चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे यातायात निरीक्षक नारायण सिंह डामोर और आरक्षक ब्रजेश वर्मा ने एक वाहन चालक को रेड लाइट का उल्लंघन करते हुए और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने पर रोका।

पुलिस ने चालक को समझाइश दी तो उसने अस्पताल जाने की इमरजेंसी का हवाला देते हुए कई बहाने बनाए। संदेह होने पर यातायात निरीक्षक ने उस व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, जिससे बात करने का चालक दावा कर रहा था। फोन पर बातचीत में पता चला कि वह व्यक्ति किसी दूसरी जगह पर था।

सच्चाई सामने आने के बाद चालक ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने रेड लाइट उल्लंघन और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रेड लाइट का उल्लंघन न करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचें।

Post a Comment

0 Comments