स्थापना दिवस समारोह में BJP विधायकों की गैरमौजूदगी, मंच पर लगी रहीं नाम की कुर्सियां; मंत्री विजयवर्गीय भी देरी से पहुंचे

इंदौर के स्थापना दिवस समारोह में छह विधायकों और निगम अध्यक्ष की गैरमौजूदगी चर्चा में रही। मंच पर जनप्रतिनिधियों के नाम की कुर्सियां खाली रहीं, जबकि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी करीब डेढ़ घंटे देरी से पहुंचे।

इंदौर। मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में इस बार प्रदेश की उपलब्धियों से ज्यादा जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी चर्चा में रही। राजेंद्र नगर के लता मंगेशकर सभागृह में आयोजित समारोह में शहर के छह विधायकों के नाम से कुर्सियां तो सजाई गईं, लेकिन वे खुद कार्यक्रम में नजर नहीं आए। निगम अध्यक्ष सावन सोनकर भी समारोह से नदारद रहे।

कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पहुंचे, लेकिन तय समय के मुकाबले करीब डेढ़ घंटे देर से। आयोजन राऊ विधानसभा क्षेत्र में था, इसके बावजूद स्थानीय विधायक मधु वर्मा भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

विधायक मधु वर्मा के प्रतिनिधि का कहना है कि कार्यक्रम का समय पहले से तय नहीं था। आयोजन की जानकारी एक दिन पहले मिली थी और विधायक के पहले से निर्धारित भूमि पूजन कार्यक्रमों के कारण वे इसमें शामिल नहीं हो सके।

बच्चों की प्रस्तुतियों से चला कार्यक्रम

समारोह में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए और विभागीय विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की मौजूदगी अधिक रही, जबकि स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति भी कम दिखाई दी।

किसानों को दिए गए पुरस्कार

कार्यक्रम में तीन किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी के लिए प्रमाण पत्र दिए गए। इसके अलावा मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत एक विद्यार्थी को एक लाख रुपये का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

Post a Comment

0 Comments