इंदौर में चार्टर्ड बसों में भीषण आग, 4 से 5 बसें जलकर खाक; दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

 इंदौर में एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने चार्टर्ड बस डिपो में बुधवार रात भीषण आग लग गई। हादसे में चार से पांच बसें जलकर खाक हो गईं। फायर ब्रिगेड ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इंदौर में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते चार से पांच बसें जलकर खाक हो गईं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डिपो परिसर के पास पड़े कचरे में सबसे पहले आग लगी थी। तेज हवा के कारण आग की लपटें पास खड़ी बसों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग की आशंका से मचा हड़कंप

हादसे के समय डिपो में आई-बस और चार्टर्ड की कई अन्य बसें भी खड़ी थीं। आग फैलने की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं।

दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे तक पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान अन्य बसों को भी सुरक्षित दूरी पर हटाया गया। हालांकि चार से पांच बसें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है। 

Post a Comment

0 Comments