
इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र के नीलगिरी परिसर में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां 16 वर्षीय नाबालिग ने अपनी बहन के पति दीपक (22) पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दीपक अपनी बड़ी सास के निधन पर आयोजित गमी के कार्यक्रम में शामिल होने आया था। रात करीब 2 बजे घर में भजन-कीर्तन चल रहा था। इसी दौरान दीपक की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। वह टेंट के पीछे चाकू के वार से घायल हालत में मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बातचीत नहीं करने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि दीपक उससे बातचीत नहीं करने को लेकर उसे धमका रहा था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर नाबालिग ने सब्जी काटने वाले चाकू से दीपक के सीने पर वार कर दिया।
बताया जा रहा है कि दीपक ने करीब दो साल पहले गांव की युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद कुछ समय तक दोनों परिवारों के बीच दूरी रही, लेकिन बाद में मेलजोल फिर शुरू हो गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।
0 Comments