धनतेरस पर इंदौर से नई बुलेट खरीदकर घर लौट रहे 25 वर्षीय ननसू की अहमदाबाद-इंदौर हाईवे पर अमझेरा फाटे के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसका साला गंभीर घायल हुआ।
धार। धनतेरस के त्योहार पर नई बाइक खरीदकर घर लौट रहे 25 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार उसका साला भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना अहमदाबाद-इंदौर हाईवे पर अमझेरा फाटे के पास निर्माणाधीन ब्रिज के नजदीक हुई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान ननसू पिता मंगालिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी कुंदनपुर, पोस्ट राणापुर के रूप में हुई है। वह धनतेरस के अवसर पर इंदौर से नई बुलेट खरीदकर अपने घर लौट रहा था। बाइक पर उसका साला मुकेश भी सवार था।
बताया जा रहा है कि अमझेरा फाटे के पास ब्रिज निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान सड़क का रास्ता बदला गया था। आगे चल रहे ट्रक से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ननसू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों का आरोप है कि निर्माण कार्य के चलते सड़क का रास्ता बदला गया था, लेकिन वहां पर्याप्त संकेतक नहीं लगाए गए थे। इसी वजह से बाइक सवार को आगे के रास्ते का अंदाजा नहीं लग पाया और हादसा हो गया।
ननसू शादीशुदा था और उसके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल है। धनतेरस पर नई बाइक खरीदकर घर लौटने की उसकी खुशी परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गई।

0 Comments