मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नए डीएसपी अधिकारियों को रील बनाने के बजाय जनता की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने की नसीहत दी। 2029 तक मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य भी दिया।
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया पर रील बनाने के बजाय जनता की समस्याओं का समाधान करने की नसीहत दी।
भोपाल के भौंरी स्थित मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी में 44वें और 45वें बैच के डीएसपी की पासिंग आउट परेड के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दौर सोशल मीडिया का है, लेकिन पुलिस के लिए सोशल मीडिया से ज्यादा सामाजिक मुद्दे महत्वपूर्ण हैं।
सीएम ने कहा, "रील बनाने से ज्यादा रियल प्रॉब्लम सुलझाने में आपके हर क्षण की कीमत होनी चाहिए।"
उन्होंने नए अधिकारियों से कहा कि वे महिलाओं, बच्चों, गरीबों और कमजोर वर्गों के लिए देवदूत बनकर काम करें और जनता का विश्वास जीतें।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2029 तक मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य भी पुलिस अधिकारियों के सामने रखा। समारोह में 48 नए डीएसपी ने प्रशिक्षण पूरा किया, जिनमें 20 महिला अधिकारी शामिल हैं।

0 Comments