देसी मसाला रेस्टोरेंट का पंजीयन निलंबित, खाद्य प्रतिष्ठानों से 23 नमूने जांच के लिए

इंदौर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन तथा कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट पर नियंत्रण रखने तथा आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा सांची वीनस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (देसी मसाला) रेस्टोरेंट, 39 रेस कोर्स रोड, इंदौर का 11 सितंबर 2026 को निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया था। निर्धारित अवधि में कमियों का संतोषजनक निराकरण नहीं किए जाने तथा प्रस्तुत जवाब एवं दस्तावेजों में भी खाद्य सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर पंजीयन प्राधिकारी मनोज कुमार रघुवंशी द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर प्रतिष्ठान का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

मानपुर में किराना दुकानों से 10 नमूने संग्रहित

 16 अक्टूबर 2026 को तहसील महू के मानपुर क्षेत्र में विभिन्न किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खुले में धनिया, मिर्च एवं हल्दी की बिक्री पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा खुले खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचने के निर्देश दिए गए।

 निरीक्षण के दौरान सुरेश चंद एवं ब्रदर्स किराना दुकान से नमकीन, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर एवं गुलाब जामुन मिक्स के चार नमूने, माहेश्वरी किराना से गुलाब जामुन मिक्स, खड़ा मसाला, चाय एवं अजवाइन के चार नमूने तथा राजेश किराना, सदर बाजार, मानपुर से घी एवं स्वामीनारायण आटा के दो नमूने संग्रहित किए गए। इस प्रकार कुल 10 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गणेश नगर की दुग्ध डेयरियों एवं नौलखा के मेवा प्रतिष्ठान का निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 16 अक्टूबर को गणेश नगर स्थित विभिन्न दुग्ध डेयरियों का निरीक्षण किया। इस दौरान सांवरिया डेयरी से दूध, घी एवं पनीर के नमूने, श्री डेयरी से घी का नमूना तथा कृष्णा डेयरी से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। इन प्रतिष्ठानों से कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।

इसी दिन नौलखा स्थित नेचुरल मेवा प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर बादाम एवं काजू के नमूने भी संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ट्रेजर आइलैंड मॉल के फूड कोर्ट में भी कार्रवाई

15 अक्टूबर 2026 को ट्रेजर आइलैंड मॉल स्थित फूड कोर्ट के सुरुचि फूड्स चटोरी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई संबंधी कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रतिष्ठान से विभिन्न खाद्य पदार्थों के पांच नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं। निरीक्षण में सामने आए तथ्यों एवं जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से 25 नमूनों की त्वरित जांच

मानपुर क्षेत्र में विभाग की चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब) के माध्यम से हल्दी, मिर्च, धनिया, तेल एवं खड़े मसालों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 25 नमूनों की मौके पर त्वरित जांच की गई। इस पहल का उद्देश्य आमजन एवं खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक करना तथा मिलावट की प्रारंभिक पहचान के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराना है।

Post a Comment

0 Comments