उज्जैन में 5 फीट गहरे गड्ढे में गिरी बाइक, बाल-बाल बचा युवक

उज्जैन के हनुमान नाका स्थित गदा पुलिया क्षेत्र में सीवरेज काम के दौरान सड़क पर खोदा गया करीब 5 फीट गहरा गड्ढा हादसे का कारण बन गया। बुधवार को एक बाइक सवार अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक समेत गड्ढे में जा गिरा।

उज्जैन में सड़क पर खुले पड़े गड्ढे ने एक बार फिर वाहन चालकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के हनुमान नाका स्थित गदा पुलिया क्षेत्र में सीवरेज लाइन के लिए खोदे गए करीब 5 फीट गहरे गड्ढे में एक बाइक सवार गिर गया। हादसे का वीडियो CCTV कैमरे में कैद हुआ है, जो अब सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, गदा पुलिया क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से सीवरेज का काम अधूरा पड़ा है। सड़क के बीच गहरा गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया था। मौके पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और वाहन चालकों को सावधान करने वाले संकेतक नहीं होने की बात सामने आई है।

यह खबर भी पढ़े

बाइक सवार गड्ढे के पास से बाइक निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत करीब 5 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। युवक के गिरते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और उसे बाहर निकाला। हादसे में युवक को मामूली चोटें आईं।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले गड्ढों के आसपास बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत नहीं होने से वाहन चालकों के लिए खतरा बना रहता है।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच शहर में निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और खुले गड्ढों की बैरिकेडिंग को लेकर प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments